हाथरस में मकान निर्माण के दौरान पाड़ से गिरकर 62 वर्षीय राजमिस्त्री की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा संस्कार सिटी कॉलोनी में गुरुवार दोपहर करीब एक बजे हुआ। मृतक के परिजनों ने मकान मालिक और ठेकेदार पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मामला हाथरस की संस्कार सिटी कॉलोनी का है, जहां मकान निर्माण के दौरान काम कर रहे राजमिस्त्री प्रेम सिंह अचानक पाड़ से नीचे गिर पड़े। प्रेम सिंह हाथरस जंक्शन थाना क्षेत्र के गांव कैलोरा के रहने वाले थे और उनकी उम्र 62 वर्ष थी। हादसे के बाद उनके साथ काम कर रहे मजदूर उन्हें तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
प्रेम सिंह की मौत के बाद परिजनों ने मकान मालिक और ठेकेदार पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। परिजनों का कहना है कि प्रेम सिंह ने पाड़ में लगे चाली-बल्ले बदलने की बात कही थी, लेकिन उनकी बात पर ध्यान नहीं दिया गया। परिजनों ने आरोप लगाया कि इसी लापरवाही के चलते यह हादसा हुआ। उनका यह भी कहना है कि सूचना देने के बावजूद ठेकेदार और मकान मालिक मौके पर नहीं पहुंचे।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। प्रेम सिंह के परिवार में पांच संतानें हैं। उनकी मौत से परिवार में शोक की लहर है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। अब जांच के बाद ही हादसे के कारणों और लगाए गए आरोपों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।










