हाथरस। मुरसान थाना पुलिस ने हत्या के प्रयास के मुकदमे में नामजद एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध चाकू भी बरामद किया है।
पुलिस के मुताबिक, 23 सितंबर को आरोपी द्वारा घर में घुसकर वादी के परिवार के साथ मारपीट करने और जान से मारने की नीयत से हमला करने का आरोप है।
मामले में 24 सितंबर को तहरीर के आधार पर थाना मुरसान में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था।
पुलिस अधीक्षक हाथरस चिरंजीव नाथ सिन्हा के निर्देश पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपी जितेन्द्र को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी जितेन्द्र पुत्र मुन्नालाल उर्फ मन्नू, थाना मुरसान क्षेत्र के महामौनी गांव का निवासी है।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध चाकू बरामद किया है। आरोपी के खिलाफ मुरसान थाने में पहले से भी एक मुकदमा दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस द्वारा आरोपी के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक गिरीश कुमार गौतम सहित थाना मुरसान पुलिस टीम शामिल रही।










