हाथरस ब्रेकिंग
हाथरस में विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 की तैयारियों को लेकर निर्वाचन कार्मिकों के प्रशिक्षण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। विकास भवन सभागार में जिला निर्वाचन अधिकारी सत्य प्रकाश पटेल की अध्यक्षता में मास्टर ट्रेनरों को प्रशिक्षण दिया गया।

प्रशिक्षण के दौरान डीएम ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया को स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने में मास्टर ट्रेनरों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने निर्देश दिए कि पीठासीन अधिकारियों और मतदान कार्मिकों को केवल सैद्धांतिक नहीं, बल्कि पूरी तरह व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाए।

प्रशिक्षण में मतदान प्रक्रिया, ईवीएम और वीवीपैट संचालन, मॉक पोल, मतदान सामग्री, विभिन्न प्रपत्रों को भरने, मतदान के दौरान आने वाली समस्याओं और मशीन खराब होने की स्थिति में अपनाई जाने वाली प्रक्रिया की जानकारी दी गई।

इसके साथ ही मतगणना, पोस्टल बैलेट, ईटीपीबीएस, दिव्यांग एवं 80 वर्ष से अधिक आयु के मतदाताओं के लिए मतदान सुविधा, संवेदनशील मतदान केंद्रों की पहचान और निर्वाचन के दौरान कानून-व्यवस्था से जुड़े विषयों पर भी विस्तार से प्रशिक्षण देने के निर्देश दिए गए।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि सभी मास्टर ट्रेनर निर्वाचन आयोग की प्रशिक्षण पुस्तिकाओं का अध्ययन कर विषयवार विशेषज्ञता हासिल करें, ताकि मतदान से लेकर मतगणना तक प्रत्येक स्तर पर कार्मिकों को बेहतर प्रशिक्षण दिया जा सके।
इस दौरान प्रभारी मुख्य विकास अधिकारी, परियोजना निदेशक, सुपर मास्टर ट्रेनर, मास्टर ट्रेनर और संबंधित अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।










