देवउठनी एकादशी पर सासनी में निकली भव्य प्रभात फेरी, जगह-जगह पुष्प वर्षा कर हुआ स्वागत

0
12

सासनी। देवउठनी एकादशी के पावन पर्व के उपलक्ष्य में शुक्रवार दोपहर एक बजे कस्बे में पंडित अभिषेक शर्मा के सानिध्य में एक भव्य प्रभात फेरी का आयोजन किया गया। ढोल-नगाड़ों की मधुर थाप और धार्मिक जयकारों के साथ निकली इस शोभायात्रा में स्थानीय महिला एवं पुरुषों ने बड़ी संख्या में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।


यह प्रभात फेरी नगर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी। यात्रा के दौरान कस्बे के श्रद्धालुओं और स्थानीय निवासियों ने जगह-जगह प्रभात फेरी पर पुष्प वर्षा की तथा आयोजक पंडित अभिषेक शर्मा का फूलमालाएं पहनाकर आत्मीय स्वागत किया। इस धार्मिक और सांस्कृतिक पहल के लिए क्षेत्रवासियों ने पंडित अभिषेक शर्मा के प्रयासों की मुक्त कंठ से सराहना की।


इस अवसर पर एकादशी के महत्व पर प्रकाश डालते हुए पंडित अभिषेक शर्मा ने बताया कि सनातन धर्म में एकादशी तिथि का विशेष स्थान है। कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की इस एकादशी को देवउठनी, देव प्रबोधिनी और देवोत्थान एकादशी के नामों से भी जाना जाता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, चार मास के शयन काल यानी चातुर्मास के बाद इसी दिन भगवान श्रीहरि विष्णु अपनी योग निद्रा से जागते हैं।

उन्होंने आगे बताया कि भगवान विष्णु के जागने के साथ ही समाज में विवाह, गृह प्रवेश और अन्य सभी मांगलिक कार्यों की विधिवत शुरुआत हो जाती है। शास्त्रों के अनुसार इस पावन दिन भगवान विष्णु की विशेष आराधना, उपवास और माता तुलसी का पूजन करने का विधान है, हालांकि श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना के साथ-साथ इससे जुड़े धार्मिक नियमों का पालन करना भी अत्यंत आवश्यक माना जाता है। कार्यक्रम के समापन पर सभी श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here