हाथरस। विकासखंड मुरसान के सभागार में मंगलवार को ब्लॉक बाल संरक्षण समिति एवं बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ और बाल विवाह टास्क फोर्स की बैठक एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बेटियों की शिक्षा, सुरक्षा और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के साथ सरकारी योजनाओं का लाभ जरूरतमंद महिलाओं और बच्चों तक पहुंचाने पर जोर दिया गया।
बैठक में महिला कल्याण विभाग की डीएमसी मोनिका दीक्षित ने कहा कि बेटियों को आगे बढ़ने के पूरे अवसर उपलब्ध कराए जाएं और महिलाओं एवं बालिकाओं के प्रति होने वाले सामाजिक भेदभाव को समाप्त करने के लिए सभी को मिलकर प्रयास करना चाहिए। उन्होंने बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना, स्पॉन्सरशिप एवं फोस्टर केयर सहित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी।
खंड शिक्षा अधिकारी गिर्राज सिंह ने बालक-बालिकाओं को शिक्षा से जोड़ने और उन्हें मोबाइल व टीवी से दूर रखते हुए अच्छे संस्कार देने पर जोर दिया। वहीं सहायक विकास अधिकारी ज्ञानदीप शर्मा ने जरूरतमंद महिलाओं और बच्चों को सरकारी योजनाओं से जोड़कर लाभान्वित कराने की अपील की।
कार्यक्रम में महिला हेल्पलाइन 181, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, आपातकालीन सेवा 112, बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम और किशोर न्याय अधिनियम की जानकारी भी दी गई। विशेष दत्तक ग्रहण इकाई की सामाजिक कार्यकर्ता प्रीती गोयल ने बच्चों को गोद लेने की कानूनी प्रक्रिया समझाई।
इस अवसर पर सुपरवाइजर हेमलता, बंटी कुशवाहा सहित मुरसान विकासखंड की आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियां मौजूद रहीं।










