हाथरस। कोतवाली सदर क्षेत्र के बेनीगंज चौराहे पर बीती देर रात कार की चपेट में आने से एक राहगीर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने घायल को कार से जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक की पहचान 45 वर्षीय इमरान पुत्र नासिर निवासी मोहल्ला तकिया, जलेसर रोड, हाथरस के रूप में हुई है। बताया गया है कि इमरान किसी काम से बाजार गए थे, तभी बेनीगंज चौराहे पर एक कार ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल इमरान ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिजन पोस्टमार्टम गृह पहुंच गए। फिलहाल पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।










