हाथरस में एमएलसी शिक्षक एवं स्नातक निर्वाचन को लेकर भाजपा ने जनसंपर्क तेज कर दिया है। पूर्व पालिकाध्यक्ष पंडित आशीष शर्मा ने अलीगढ़ रोड स्थित राजेंद्र लोहिया विद्या मंदिर पहुंचकर शिक्षकों से मुलाकात की और भाजपा प्रत्याशियों के पक्ष में मतदान करने की अपील की। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष प्रेम सिंह कुशवाहा सहित कॉलेज के प्रधानाचार्य और अन्य शिक्षक मौजूद रहे।
जनसंपर्क के दौरान पूर्व पालिकाध्यक्ष पंडित आशीष शर्मा ने शिक्षकों को पंपलेट वितरित किए। उन्होंने आगरा खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी डॉ. मानवेंद्र प्रताप सिंह उर्फ गुरुजी और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से प्रत्याशी हरि किशोर तिवारी के समर्थन में मतदान करने की अपील की।
पंडित आशीष शर्मा ने कहा कि सभी मतदाता लोकतंत्र के इस पर्व में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और अपने मताधिकार का प्रयोग करें। उन्होंने “सबसे पहले मतदान, फिर करो जलपान” का नारा देते हुए शिक्षकों से सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक मतदान केंद्र पहुंचकर भाजपा प्रत्याशियों को विजयी बनाने और पार्टी को मजबूत करने का आह्वान किया।
एमएलसी चुनाव को लेकर भाजपा नेताओं द्वारा लगातार जनसंपर्क किया जा रहा है। इसी क्रम में हाथरस में शिक्षकों से संपर्क कर भाजपा प्रत्याशियों के पक्ष में समर्थन जुटाने की अपील की गई।










