हाथरस।अपर महानिदेशक (ADG), उत्तर प्रदेश अग्निशमन एवं आपात सेवा (UPF&ES) लखनऊ के आदेशानुसार तथा पुलिस अधीक्षक (SPHTS) के निर्देशन एवं मुख्य अग्निशमन अधिकारी (CFOHTS) के नेतृत्व में मंगलवार की दोपहर हाथरस फायर यूनिट द्वारा सासनी क्षेत्र में आतिशबाजी के निर्माण और विक्रय स्थलों का अग्निसुरक्षा के दृष्टिकोण से औचक निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान फायर टीम ने पटाखा निर्माताओं और दुकानदारों की सुरक्षा व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। इस दौरान संबंधित कारोबारियों को आग से बचाव के पुख्ता इंतजाम करने, कार्यस्थल पर पर्याप्त मात्रा में पानी और रेत की बाल्टियां रखने, अग्निशामक यंत्र (Fire Extinguishers) की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा नियमों का कड़ाई से पालन करने के आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सुरक्षा मानकों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।










