हाथरस। जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल ने विकासखंड मुरसान के संविलियन विद्यालय पटाखास का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय में शैक्षणिक व्यवस्था, छात्र-छात्राओं की उपस्थिति, मध्यान्ह भोजन और साफ-सफाई व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
जिलाधिकारी ने विभिन्न कक्षाओं में पहुंचकर बच्चों से संवाद किया और उनकी कॉपियों में किए जा रहे कार्य को देखा। कार्य सही पाए जाने पर उन्होंने बच्चों की सराहना की और उन्हें नियमित रूप से समय पर विद्यालय आने तथा मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया।
निरीक्षण के दौरान कुछ बच्चे निर्धारित ड्रेस में नहीं मिले। इस पर जिलाधिकारी ने इंचार्ज प्रधानाध्यापक को सभी बच्चों की शत-प्रतिशत उपस्थिति और निर्धारित ड्रेस में विद्यालय आने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
विद्यालय में कुल 116 छात्र-छात्राएं पंजीकृत हैं, जबकि निरीक्षण के दौरान 67 बच्चे ही उपस्थित मिले। कम उपस्थिति पर जिलाधिकारी ने शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने शिक्षकों से बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के साथ-साथ अनुशासन, संस्कार और सकारात्मक सोच के लिए भी प्रेरित करने को कहा।
इसके बाद जिलाधिकारी ने मध्यान्ह भोजन व्यवस्था का निरीक्षण किया। रसोईघर में दाल-चावल तैयार किया जा रहा था। उन्होंने रसोईघर, विद्यालय परिसर, कक्षों और शौचालयों में नियमित साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने विद्यालय परिसर में संचालित आंगनबाड़ी केंद्र का भी निरीक्षण किया। उन्होंने पंजीकृत बच्चों, गर्भवती महिलाओं और सैम-मैम बच्चों की जानकारी लेते हुए नियमित टीकाकरण तथा पोषण और स्वास्थ्य संबंधी सेवाओं को प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए।










