हाथरस। जनपद में स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर और प्रभावी बनाए रखने के उद्देश्य से जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल ने मंगलवार सुबह नगर पंचायत सादाबाद के शहरी क्षेत्र का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने वार्ड नंबर 15 में चल रहे सफाई कार्य का जायजा लिया और नगर पंचायत अधिकारियों को नियमित रूप से विशेष सफाई अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने सफाई के दौरान निकलने वाले कूड़े को तत्काल उठवाकर निर्धारित डंपिंग स्थल तक पहुंचाने को कहा।
जिलाधिकारी ने स्थानीय दुकानदारों से भी संवाद किया और दुकानों के बाहर रखी सामग्री को अंदर रखने तथा सड़क और सार्वजनिक स्थानों पर अतिक्रमण नहीं करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क पर अतिक्रमण मिलने पर संबंधित के खिलाफ नियमानुसार नोटिस जारी कर कार्रवाई की जाए।
इसके बाद जिलाधिकारी ने नगर पंचायत कार्यालय का निरीक्षण कर मूलभूत सुविधाओं और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि एक अक्टूबर से संचारी रोग नियंत्रण अभियान शुरू होगा, जिसके मद्देनजर नगर पंचायत क्षेत्र में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाए।
जिलाधिकारी ने जलभराव वाले स्थानों को चिन्हित कर जल निकासी, एंटी लार्वा का छिड़काव और फॉगिंग कराने के निर्देश दिए। साथ ही प्रमुख चौराहों, गलियों और नालियों की नियमित सफाई, आवश्यकतानुसार ब्लीचिंग का छिड़काव, मंदिरों के आसपास विशेष सफाई और झाड़ियों की कटाई कराने को कहा।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि स्वच्छता व्यवस्था में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जाएगी। निरीक्षण के दौरान अधिशासी अधिकारी नगर पंचायत सादाबाद समेत संबंधित अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।










