सासनी के एसबीएस यूनियन स्कूल सासनी में रक्षाबंधन के पावन अवसर पर राखी मेकिंग एवं मेहंदी प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया। कक्षा तीन से पांच तक के छात्रों ने राखी मेकिंग तथा कक्षा छह से नौ तक के छात्रों ने मेहंदी प्रतियोगिता में उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
प्रतियोगिताओं का शुभारंभ स्कूल के डायरेक्टर एवं प्रमुख उद्योगपति डॉ. विकास सिंह ने किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों में रचनात्मक एवं सृजनात्मक सोच विकसित करने के लिए इस तरह की प्रतियोगिताओं का महत्वपूर्ण स्थान है। भारतीय संस्कृति और परंपराओं से जुड़े इन आयोजनों के माध्यम से छात्रों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
मेहंदी प्रतियोगिता में सारिका श्रीवास्तव एवं लावण्या दिवाकर (कक्षा 9-बी) ने संयुक्त रूप से प्रथम स्थान प्राप्त किया। टिया (9-बी) एवं प्रांशी (8-ए) द्वितीय तथा चारु (6-ए) तृतीय स्थान पर रहीं।
वहीं राखी मेकिंग प्रतियोगिता में लक्ष्मी (5-ए) ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। रिषित (3-बी) एवं कनक (5-ए) संयुक्त रूप से द्वितीय तथा लक्ष्य वार्ष्णेय (4-बी) तृतीय स्थान पर रहे। प्रतिभागियों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा के चलते विजेताओं का चयन निर्णायक समिति के लिए चुनौतीपूर्ण रहा।
स्कूल के प्रधानाचार्य दुर्गेश पचौरी ने सभी प्रतिभागी छात्रों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि विद्यार्थियों को अधिक से अधिक प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करना चाहिए, ताकि उनका ज्ञान बहुआयामी बने और वे समाज एवं राष्ट्र के विकास में अपना योगदान दे सकें।
इस अवसर पर विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे। अंत में एसबीएस यूनियन स्कूल परिवार की ओर से सभी छात्रों एवं अभिभावकों को रक्षाबंधन की हार्दिक शुभकामनाएं दी गईं।










