हाथरस। कोतवाली सदर क्षेत्र के कंचन नगर में ई-रिक्शा टकराने को लेकर सफाई कर्मी और एक युवक के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते दोनों पक्षों में गाली-गलौज शुरू हो गई और मामला मारपीट तक पहुंच गया। मारपीट में सफाई कर्मी के सिर में चोट लगने से वह घायल हो गया।
घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में सफाई कर्मी कोतवाली सदर पहुंच गए और हंगामा करते हुए आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए घायल सफाई कर्मी का जिला अस्पताल में मेडिकल परीक्षण कराया। घायल सफाई कर्मी हर्ष पुत्र कपिल निवासी सीयलखेड़ा ने बताया कि वह नगर पालिका में सफाई कार्य के वाहन को चलाने का काम करता है।
पुलिस ने मेडिकल परीक्षण के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं सफाई कर्मियों में घटना को लेकर आक्रोश है। उन्होंने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए चेतावनी दी है कि यदि आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई तो सफाई कर्मी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने को मजबूर हो सकते हैं।










