छेड़छाड़ के आरोप पर दो पक्षों जमकर हुई मारपीट,पुलिस मामले की जांच में जुटी,वीडियो वायरल

0
21

 

हाथरस के सादाबाद कोतवाली क्षेत्र के सलेमपुर गांव में मंगलवार रात छेड़छाड़ के आरोप पर दो पक्ष आपस में भिड़ गए। इस दौरान जमकर मारपीट हुई और कुछ युवक हाथों में हथियार लहराते हुए दिखाई दिए। हथियार लिए युवकों के फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस सक्रिय हो गई है। पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

गांव की एक महिला ने पुलिस को शिकायत दी है। महिला ने बताया कि मंगलवार रात करीब 8 बजे वह घर में खाना बना रही थी, तभी गांव के छह युवक उसके घर में घुस आए। महिला का आरोप है कि युवकों ने उसकी भाभी के साथ छेड़छाड़ की। घर में मौजूद उसकी बेटी ने शोर मचाया। परिवार के अन्य लोग मौके पर पहुंचे तो आरोपी जान से मारने की धमकी देकर भाग गए।

ग्रामीणों के मुताबिक, इस घटना के बाद दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों में मारपीट शुरू हो गई। इसी दौरान कुछ युवक हाथों में हथियार लेकर सामने आए, जिनके फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गए। इसके बाद यह मामला और गरमा गया।

हथियारों के साथ युवकों के सामने आने की जानकारी मिलते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया। पुलिस टीम ने आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए कई जगह दबिश दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वायरल फोटो और वीडियो की जांच की जा रही है। शिकायत के आधार पर कार्रवाई की जाएगी और कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त एक्शन लिया जाएगा।

घटना के बाद गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस निगरानी कर रही है। अधिकारियों ने ग्रामीणों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।

कोतवाली प्रभारी विजय सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर जांच चल रही है। जिन युवकों के पिस्टल वाले फोटो वायरल हुए हैं, उन्हें पकड़ने की कोशिश की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here