हाथरस के सिकंदराराऊ में सोमवार, 26 अक्टूबर को महर्षि वाल्मीकि जयंती श्रद्धा और धूमधाम के साथ मनाई गई। अलीगढ़ रोड स्थित वाल्मीकि मंदिर पर वाल्मीकि समाज के लोगों ने पूजा-अर्चना और हवन-यज्ञ कर महर्षि वाल्मीकि का स्मरण किया और सुख-समृद्धि की कामना की। इस दौरान मंदिर परिसर में जयकारे गूंजते रहे।
जनकारी के मुताबिक, हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी महर्षि वाल्मीकि जयंती के अवसर पर अलीगढ़ रोड स्थित वाल्मीकि मंदिर पर धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। नगर के वाल्मीकि समाज के दर्जनों लोग एकत्रित हुए और विधि-विधान से हवन-यज्ञ कर पूजा-अर्चना की। इसके बाद श्रद्धालुओं ने महर्षि वाल्मीकि के जयकारे लगाए।
इस मौके पर समाज के लोगों ने कहा कि महर्षि वाल्मीकि का जीवन और उनके आदर्श समाज को सदैव प्रेरणा देते रहेंगे। उन्होंने जयंती के अवसर पर केंद्र और प्रदेश सरकार की ओर से घोषित अवकाश को भी हर्ष का विषय बताया।
वहीं, समाज के लोगों ने जानकारी दी कि आगामी 31 अक्टूबर, शनिवार को सिकंदराराऊ नगर में महर्षि वाल्मीकि की भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। उन्होंने नगर और क्षेत्र के लोगों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर शोभायात्रा को भव्य बनाने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान मौजूद गणमान्य लोगों का पटका पहनाकर स्वागत और सम्मान भी किया गया।
महर्षि वाल्मीकि जयंती के अवसर पर आयोजित धार्मिक कार्यक्रम में श्रद्धालुओं ने आस्था और उत्साह के साथ भाग लिया। अब 31 अक्टूबर को निकलने वाली भव्य शोभायात्रा को लेकर समाज के लोगों ने तैयारियां शुरू कर दी हैं।










