हाथरस के स्कूल में एनडीआरएफ ने दिया आपदा से बचाव का प्रशिक्षण, 600 से अधिक छात्र-छात्राओं ने लिया हिस्सा

0
15

 

हाथरस। जिले में आपदा के दौरान जनहानि और नुकसान को कम करने के उद्देश्य से एनडीआरएफ की ओर से जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में मंगलवार को मुरसान के बीएचयू ऑक्सफोर्ड पब्लिक स्कूल में आपदा बचाव प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

जिलाधिकारी के निर्देश पर जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण और गाजियाबाद से आई एनडीआरएफ की 16 सदस्यीय टीम ने जिला विद्यालय निरीक्षक के सहयोग से कार्यक्रम आयोजित किया। प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ स्कूल के डायरेक्टर प्रदीप कुमार शर्मा ने किया, जबकि मंच संचालन प्रधानाचार्या साक्षी वार्ष्णेय ने किया।

प्रशिक्षण के दौरान छात्र-छात्राओं और शिक्षकों को प्राकृतिक, रासायनिक, जैविक, नाभिकीय और मानव निर्मित आपदाओं से बचाव के तरीके बताए गए। साथ ही बिजली दुर्घटना, बाढ़ और अन्य आपातकालीन परिस्थितियों में क्या करना चाहिए और क्या नहीं करना चाहिए, इसकी जानकारी दी गई।

एनडीआरएफ की टीम ने डमी मॉडल के माध्यम से सीपीआर देने का तरीका समझाया। इसके अलावा रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में भी बताया गया। छात्र-छात्राओं ने स्वयं डमी मॉडल पर अभ्यास कर आपदा बचाव के तरीके सीखे।

कार्यक्रम में 600 से अधिक छात्र-छात्राओं और 15 से अधिक शिक्षक-शिक्षिकाओं ने प्रतिभाग किया। अधिकारियों के मुताबिक, जिले में सात दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत विभिन्न स्थानों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसका उद्देश्य आपदा के समय बेहतर समन्वय और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करते हुए जनहानि, पशुहानि और अन्य नुकसान को कम करना है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here