हाथरस। सादाबाद थाना पुलिस ने सट्टे की खाई-बाड़ी करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 4240 रुपये नकद, दो मोबाइल फोन, सट्टे की पर्ची और पेन बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई मुखबिर की सूचना पर विधिपुर बंबा पुलिया के पास की गई। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नबाब पुत्र सलीम, निवासी चामण्ड मोहल्ला बिसावर और मनोज कुमार पुत्र विशेष, निवासी बिसावर, थाना सादाबाद के रूप में हुई है।
दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना सादाबाद में मु0अ0सं0 443/2026, धारा 13 जुआ अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा के निर्देश पर चलाए जा रहे जुआ और सट्टा विरोधी अभियान के तहत की गई। गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह और थाना सादाबाद पुलिस टीम शामिल रही।










