हाथरस को एक बड़ी सौगात मिली है। विधायक अंजुला सिंह माहौर के प्रयासों से हाथरस-दाऊजी कोटा मार्ग के चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण कार्य को शासन से वित्तीय स्वीकृति मिल गई है।
करीब 11 किलोमीटर 220 मीटर लंबे इस प्रमुख मार्ग के कायाकल्प का रास्ता साफ हो गया है और अब जल्द ही टेंडर के बाद निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।
मार्ग के चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण से हाथरस से मथुरा के प्रसिद्ध तीर्थस्थल दाऊजी महाराज तक आवागमन सुगम होगा। श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को जाम व जर्जर सड़क की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है।
विधायक अंजुला सिंह माहौर ने वित्तीय स्वीकृति को क्षेत्र की जनता से किए गए एक और वादे की पूर्ति बताया है। उन्होंने कहा कि बेहतर सड़क कनेक्टिविटी से क्षेत्र के विकास को गति मिलेगी।
विधायक के मुताबिक निर्माण कार्य को गुणवत्ता के साथ तय समय-सीमा में पूरा कराने का प्रयास किया जाएगा। सड़क के बेहतर होने से आसपास के गांवों और कस्बों में व्यापार, कारोबार और रोजगार के अवसर बढ़ने की भी उम्मीद जताई गई है।
हाथरस-दाऊजी कोटा मार्ग के चौड़ीकरण की वित्तीय मंजूरी से स्थानीय लोगों के साथ-साथ दाऊजी महाराज के दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को भी बड़ी सुविधा मिलने की उम्मीद है।










