हाथरस में विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार की मांग, ADHR ने मुख्यमंत्री के नाम CMO को सौंपा ज्ञापन

0
18

 

हाथरस। जनपद हाथरस में स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी एवं सुदृढ़ बनाने तथा आम नागरिकों को अपने ही जनपद में बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग को लेकर आज एसोसिएशन ऑफ डेमोक्रेटिक ह्यूमन राइट्स (ADHR) द्वारा राष्ट्रीय महासचिव प्रवीन वार्ष्णेय के नेतृत्व में व जिलाध्यक्ष कमलकांत दोवराबाल की देखरेख में माननीय मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश सरकार के नाम मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) डॉ. वेद प्रकाश को ज्ञापन सौंपा गया।

ज्ञापन में जनपद की चिकित्सा व्यवस्था में विशेषज्ञ चिकित्सकों की कमी तथा गंभीर बीमारियों के उपचार की सीमित सुविधाओं की ओर शासन का ध्यान आकर्षित किया गया।

ADHR ने कहा कि हाथरस में जिला अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र संचालित होने के बावजूद विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाओं के अभाव में अनेक मरीजों को उपचार के लिए अलीगढ़, आगरा, दिल्ली एवं अन्य बड़े शहरों का रुख करना पड़ता है। इससे गरीब, मजदूर, किसान एवं आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को आर्थिक, शारीरिक एवं मानसिक परेशानियों का सामना करना पड़ता है।

ज्ञापन के माध्यम से हृदय रोग विशेषज्ञ, न्यूरोलॉजिस्ट, न्यूरो सर्जन, कैंसर रोग विशेषज्ञ, गुर्दा रोग विशेषज्ञ, यूरोलॉजिस्ट, गैस्ट्रोएंटेरोलॉजिस्ट एवं एंडोक्राइनोलॉजिस्ट सहित अन्य विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति की मांग की गई। साथ ही जिन विशेषज्ञों की तत्काल नियमित नियुक्ति संभव नहीं है, उनके लिए निर्धारित दिवसों पर विशेषज्ञ ओपीडी एवं टेलीमेडिसिन परामर्श शुरू कराने का सुझाव दिया गया।

इसके अतिरिक्त MRI एवं अन्य आधुनिक जांच सुविधाओं का विस्तार, हृदय रोग, ब्रेन स्ट्रोक, किडनी एवं कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों के उपचार के लिए विशेष चिकित्सा इकाइयों का विकास, गरीब एवं जरूरतमंद मरीजों को सरकारी योजनाओं का पूरा लाभ दिलाने तथा अनावश्यक रेफरल की समस्या दूर करने की मांग उठाई गई।

ADHR ने यह भी मांग की कि जिला अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सकों के स्वीकृत एवं रिक्त पदों की स्थिति सार्वजनिक की जाए तथा चिकित्सा सुविधाओं की वास्तविक कमियों का सर्वेक्षण कर बजट और संसाधनों के साथ समयबद्ध कार्ययोजना तैयार की जाए। अलीगढ़, आगरा एवं अन्य उच्च चिकित्सा संस्थानों से समन्वय स्थापित करने पर भी जोर दिया गया।

इस अवसर पर राष्ट्रीय महासचिव प्रवीन वार्ष्णेय ने कहा कि ADHR का उद्देश्य पहले से उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं की पुनः मांग करना नहीं, बल्कि चिकित्सा व्यवस्था में मौजूद वास्तविक कमियों को दूर कराना है। हाथरस के नागरिकों को भी गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधा का अधिकार है। किसी गरीब व्यक्ति को केवल आर्थिक अभाव के कारण बेहतर इलाज से वंचित नहीं रहना चाहिए।

ज्ञापन प्राप्त करते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. वेद प्रकाश ने आश्वासन दिया कि इस ज्ञापन को आवश्यक कार्रवाई हेतु शासन को प्रेषित किया जाएगा तथा संबंधित स्तर पर आवश्यक कार्रवाई कराने का प्रयास किया जाएगा।

इस अवसर पर ADHR के राष्ट्रीय महासचिव प्रवीन वार्ष्णेय,जिलाध्यक्ष कमलकांत दोबरावाल, अनिल अग्रवाल, राजेश वार्ष्णेय, अमन बंसल सहित संगठन के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

ADHR ने आशा व्यक्त की कि शासन जनहित से जुड़े इस महत्वपूर्ण विषय पर गंभीरता से विचार कर हाथरस जनपद की स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए ठोस एवं समयबद्ध कदम उठाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here