हाथरस में कांग्रेस संगठन को उस समय मजबूती मिली, जब BJP छोड़कर हेमंत सेंगर ने अपने दर्जनों साथियों के साथ कांग्रेस में घर वापसी की। जिला कांग्रेस अध्यक्ष पंडित विवेक उपाध्याय के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में सभी ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की।
हेमंत सेंगर के साथ कृष्ण कांत शर्मा एडवोकेट, पूर्व प्रधान ऊतरा पवन कुशवाह, जितेंद्र सिंह चौधरी, चिराग सेंगर, सूरज कुमार, वेद प्रकाश कुशवाह, देवेंद्र कुमार शर्मा, रणवीर बघेल और धर्मो पंडित तिलोठी सहित कई लोगों ने कांग्रेस का हाथ थामा।
इस दौरान जिला कांग्रेस अध्यक्ष पंडित विवेक उपाध्याय ने सभी नए सदस्यों का स्वागत करते हुए कहा कि कांग्रेस आम जनता, किसानों, मजदूरों और व्यापारियों के हितों की आवाज उठाती रही है। उन्होंने कहा कि आगामी 2027 विधानसभा चुनाव को देखते हुए संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत किया जा रहा है।
वहीं कांग्रेस में शामिल हुए हेमंत सेंगर ने BJP की विचारधारा से असहमति जताते हुए कहा कि BJP सरकार में व्यापारी वर्ग की दुर्दशा हो रही है और व्यापारी अनेक समस्याओं से जूझ रहे हैं। इसी वजह से उन्होंने अपने साथियों के साथ कांग्रेस में वापसी का फैसला लिया है।
कार्यक्रम में कांग्रेस के जिला महासचिव नवीन उपाध्याय, श्री कृष्ण एडवोकेट, हिमांशु कौशिक सहित कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस संगठन को मजबूत करने का संकल्प लिया।








