हाथरस। थाना हाथरस गेट क्षेत्र में परचून की दुकान से नकदी और सोने-चांदी के आभूषण चोरी करने की घटना का हाथरस पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के अंदर सफल अनावरण कर दिया। एंटी थेफ्ट टीम और थाना हाथरस गेट पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से चोरी किए गए 962 ग्राम सोने-चांदी के आभूषण, 2 लाख 7 हजार 100 रुपये नकद और अन्य सामान बरामद किया है।

जानकारी के अनुसार, 17 नवंबर को जलेसर रोड स्थित गंदे नाले के पास रहने वाले सोनू पुत्र स्वर्गीय महाराज सिंह ने थाना हाथरस गेट में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके घर में संचालित परचून की दुकान के गल्ले में रखी नकदी और सोने-चांदी के आभूषण अज्ञात चोर चोरी कर ले गए हैं। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी थी।

पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा के निर्देश पर थाना हाथरस गेट पुलिस, एंटी थेफ्ट टीम और सर्विलांस टीम को घटना के खुलासे के लिए लगाया गया। पुलिस टीम सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर चोरों की तलाश कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने आरटीओ कार्यालय के पास गंदे नाले की पटरी से तीन संदिग्धों को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में अभियुक्तों ने दुकान से चोरी की घटना को स्वीकार किया। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान रामू और विजय निवासी जलेसर रोड, थाना हाथरस गेट तथा प्रिंस निवासी मई नाथ, थाना मडराक, जनपद अलीगढ़ के रूप में हुई है।

पुलिस ने इनके कब्जे से 962 ग्राम वजन के सोने-चांदी के आभूषण, 2 लाख 7 हजार 100 रुपये नकद और अन्य सामान बरामद किया है। बरामद माल की वादी सोनू से पहचान भी कराई गई, जिन्होंने सामान अपना होना बताया।
फिलहाल पुलिस गिरफ्तार अभियुक्तों के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटा रही है और उनके खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।










