हाथरस के सिकंदराराऊ क्षेत्र के पोरा गांव में चकबंदी प्रक्रिया को लेकर ग्रामीणों का भारी विरोध देखने को मिला।सोमवार को पंचायत घर पर चकबंदी अधिकारी प्रभाकर की मौजूदगी में किसानों के दस्तावेजों की जांच की जा रही थी।

इसी दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने चकबंदी के विरोध में प्रदर्शन किया और हाथ खड़े कर अपनी असहमति जताई।ग्रामीणों ने मौजूदा ग्राम प्रधान देवेंद्र कुशवाहा और चकबंदी अधिकारियों पर मिलीभगत के गंभीर आरोप लगाए।

ग्रामीणों अवधेश कुमार और नरेंद्र सिंह का आरोप है कि गलत रिपोर्ट तैयार कर गांव के लोगों की सहमति दर्शाई गई है।वहीं, चकबंदी अधिकारी प्रभाकर ने बताया कि मौके पर करीब 85 प्रतिशत किसानों ने चकबंदी के प्रति असहमति जताई है।

अधिकारी के मुताबिक, ग्रामीणों की असहमति की रिपोर्ट तैयार कर उच्चाधिकारियों को भेजी जाएगी। अब देखना होगा कि विभाग इस मामले में क्या निर्णय लेता है।










