हाथरस। सासनी क्षेत्र के गांव छोड़ा में विश्व हिंदू परिषद प्रखंड सासनी के खंड छोड़ा गडुआ के तत्वावधान में गोपाष्टमी का पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने विधि-विधान से गौ माता का पूजन कर भव्य आरती की तथा गोवंश को गुड़ और हरा चारा खिलाकर गौ सेवा का संदेश दिया।

कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में पहुंचे विश्व हिंदू परिषद के जिला उपाध्यक्ष डॉ. अमित भार्गव ने गोपाष्टमी के धार्मिक एवं आध्यात्मिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि हिंदू मान्यताओं के अनुसार गौ माता में 33 कोटि देवी-देवताओं का वास माना जाता है। गोपाष्टमी के दिन गौ सेवा और दान करने से पुण्य की प्राप्ति होती है।

वहीं, प्रखंड मंत्री जगदीश प्रसाद शर्मा ने समाज के लोगों से गौ माता की सेवा और संरक्षण के लिए आगे आने का आह्वान किया। प्रखंड सत्संग प्रमुख अनिल शास्त्री ने प्रत्येक सनातनी परिवार से गौ पालन और गोवंश संरक्षण में सहयोग करने की अपील की।

इस दौरान प्रखंड उपाध्यक्ष जितेंद्र सिंह, प्रखंड सेवा प्रमुख सत्य प्रकाश पाठक, राजू माहौर, नरेश उपाध्याय, जनार्दन देव पाठक, शंकर लाल प्रधान, श्रीकांत पाठक, चंद्रपाल शर्मा, मुरारीलाल दुबे, रामकिशन दुबे, ललित दीक्षित सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में प्रसाद वितरण किया गया और सभी ने गौ सेवा एवं संरक्षण का संकल्प लिया।










