उत्तर प्रदेश के हाथरस में एक भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि करीब आधा दर्जन लोग घायल हो गए। हादसे में तीन महिलाओं और एक मासूम बच्चे की जान चली गई। बताया जा रहा है कि परिवार गुड़गांव से हाथरस के सिकंदराराऊ में एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए टेंपो से आ रहा था।

इसी दौरान सिकंदराराऊ क्षेत्र में अलीगढ़-एटा हाईवे पर गांव बिलार के पास तेज रफ्तार रोडवेज बस ने टेंपो को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि टेंपो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया गया। वहीं, पुलिस ने क्षतिग्रस्त टेंपो में फंसे मृतकों के शवों को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शादी समारोह में शामिल होने जा रहे परिवार की खुशियां इस दर्दनाक हादसे के बाद मातम में बदल गईं।










