हाथरस।विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के तहत 17 नवंबर को जनपद की तीनों विधानसभा क्षेत्रों की आलेख्य मतदाता सूची का प्रकाशन कर दिया गया है। जिला निर्वाचन अधिकारी सत्य प्रकाश पटेल ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में मतदाता सूची प्रकाशित की।

जारी सूची के अनुसार जनपद में कुल 10,54,576 मतदाता पंजीकृत हैं। इनमें 5,75,759 पुरुष, 4,78,800 महिला और 17 तृतीय लिंग के मतदाता शामिल हैं।

विधानसभा क्षेत्रवार आंकड़ों के अनुसार हाथरस में 3,73,360, सादाबाद में 3,45,545 और सिकंदराराऊ में 3,35,671 मतदाता दर्ज हैं। वहीं 10 अप्रैल से 31 अक्टूबर 2026 तक कुल 11,190 नए मतदाताओं को सूची में शामिल किया गया है।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि 21, 22, 28 और 29 नवंबर को विशेष अभियान चलाया जाएगा। इन दिनों सभी बूथ लेवल अधिकारी अपने-अपने मतदान केंद्रों पर मौजूद रहेंगे। नए मतदाता नाम जुड़वाने के लिए फॉर्म-6, मतदाता सूची से नाम हटवाने के लिए फॉर्म-7 और नाम अथवा अन्य विवरणों में संशोधन के लिए फॉर्म-8 भर सकते हैं।

17 से 20 नवंबर तक बीएलओ घर-घर जाकर मतदाता सूची का सत्यापन करेंगे। जनपद के 1379 मतदेय स्थलों पर आलेख्य मतदाता सूची उपलब्ध रहेगी। इसके अलावा नागरिक जिला निर्वाचन अधिकारी की आधिकारिक वेबसाइट पर भी मतदाता सूची देख सकते हैं।

निर्वाचन संबंधी जानकारी और समस्याओं के समाधान के लिए डिस्ट्रिक्ट कॉन्टैक्ट सेंटर के टोल फ्री नंबर 1950 और दूरभाष नंबर 05722-297083 पर संपर्क किया जा सकता है।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे मतदाता सूची में अपना नाम और विवरण अवश्य जांच लें। नाम छूटने या किसी प्रकार की त्रुटि होने पर निर्धारित फॉर्म भरकर समय रहते आवश्यक कार्रवाई कराएं, ताकि विधानसभा चुनाव-2027 के लिए मतदाता सूची शुद्ध एवं त्रुटिरहित बनाई जा सके।










