उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा राम पार्टी ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में रविवार, 22 नवंबर 2026 को अवेलियन रिसॉर्ट में पार्टी की प्रदेश कार्यकारिणी एवं जिलाध्यक्षों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक को संबोधित करते हुए पार्टी संस्थापक एवं पूर्व सिटी मजिस्ट्रेट अलंकार अग्निहोत्री ने कहा कि 2027 का विधानसभा चुनाव पार्टी के लिए बेहद महत्वपूर्ण है।

उन्होंने यूजीसी नियमों को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि राजस्थान के हालिया पंचायत चुनावों में भाजपा को मिली हार सवर्ण समाज की एकजुटता का परिणाम है। उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में भी भाजपा की स्थिति इससे खराब होगी और आगामी चुनाव में उसकी सत्ता से विदाई तय है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जानबूझकर प्रदेश में पंचायत चुनाव टाल रही है, क्योंकि उसे अपनी राजनीतिक स्थिति का अंदाजा है।

वहीं, भाजपा के नारे ‘राधे-राधे कमल खिला दे’ पर तंज कसते हुए अलंकार अग्निहोत्री ने कहा कि पहले भगवान राम के नाम पर चंदा चोरी किया गया और अब मथुरा को लेकर राजनीति की जा रही है। उन्होंने कहा कि इस बार जनता भाजपा के कमल को मिट्टी में मिलाने का काम करेगी।

बैठक के दौरान संस्थापक अलंकार अग्निहोत्री द्वारा घोषित किए गए 40 विधानसभा प्रत्याशियों को सम्मानित किया गया। इसी क्रम में हाथरस के जिलाध्यक्ष विजय कुमार शर्मा उर्फ बैंजो पंडित को सिकंदराराऊ विधानसभा सीट से पार्टी का प्रत्याशी घोषित किया गया।

इस अवसर पर जिला महामंत्री एवं प्रभारी निशांत उपाध्याय, जिला उपाध्यक्ष सौरभ पाराशर और जिला मीडिया प्रभारी उज्ज्वल गौतम सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। पार्टी पदाधिकारियों ने बताया कि राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा राम पार्टी जल्द ही प्रदेश की अन्य विधानसभा सीटों पर भी अपने प्रत्याशियों की घोषणा करेगी।










