हाथरस। जनपद के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. वेद प्रकाश के कार्यकाल में स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए गए हैं। पंडित दाऊ दयाल शर्मा प्रदेश अध्यक्ष एवं सुभाष चौहान ने आरोप लगाया कि निजी अस्पतालों, डॉक्टरों और मेडिकल स्टोर संचालकों को नोटिस जारी कर भयभीत किया जा रहा है तथा सीएमओ कार्यालय से जुड़े कुछ कर्मचारियों पर कथित रूप से धन मांगने की शिकायतें सामने आ रही हैं। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग में इस प्रकार की मनमानी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

उन्होंने जिलाधिकारी और शासन के वरिष्ठ अधिकारियों से जनपद के सभी PHC और CHC केंद्रों पर बिना पूर्व सूचना के छापेमारी कराने की मांग की। साथ ही इंटर्नशिप करने वाले छात्रों की उपस्थिति, ड्यूटी रजिस्टर और प्रशिक्षण रिकॉर्ड की जांच कराने की बात कही, ताकि किसी भी प्रकार की फर्जी उपस्थिति और अनियमितता का खुलासा हो सके।

उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं स्वास्थ्य मंत्री से पूरे मामले की निष्पक्ष उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की। उनका कहना है कि सीएमओ कार्यालय के अधिकारियों और कर्मचारियों की भूमिका के साथ निजी अस्पतालों एवं मेडिकल स्टोर संचालकों से जुड़ी शिकायतों की भी जांच हो। आरोप सही पाए जाने पर दोषियों के खिलाफ कठोर विभागीय और कानूनी कार्रवाई की जाए।










