सिकंद्राराऊ में दबंगों ने फोटोग्राफर और उसके साथी को पीटा, एक आरोपी पुलिस हिरासत में

0
24

 

हाथरस। सिकंद्राराऊ के पंथ चौराहे पर दबंगों द्वारा एक फोटोग्राफर और उसके साथी के साथ मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। मारपीट में दोनों युवक घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पीड़ित ने आरोपियों पर मारपीट करने के साथ ही जेब में रखे 17 हजार रुपये गायब करने का भी आरोप लगाया है।

जानकारी के अनुसार, हाथरस रोड निवासी अजय कुमार पुत्र मदनलाल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 17 नवंबर की शाम करीब 5:30 बजे वह पेट्रोल पंप से मोटरसाइकिल में पेट्रोल डलवाकर अपने साथी के साथ हुमेरा गेस्ट हाउस जा रहा था। इसी दौरान सामने से आ रहे नशे में धुत युवकों ने उनकी मोटरसाइकिल में टक्कर मार दी। हादसे के बाद अजय और उसका साथी सड़क पर गिर गए।

आरोप है कि टक्कर के बाद युवकों ने मदद करने के बजाय दोनों के साथ बेरहमी से मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान प्रमोद नामक युवक ने फोन कर अपने अन्य साथियों को भी मौके पर बुला लिया। सूचना पर पीड़ित ने डायल 112 पुलिस को बुलाया। पुलिस के पहुंचने से पहले कुछ आरोपी मौके से फरार हो गए, जबकि प्रमोद नामक युवक को उसकी मोटरसाइकिल सहित पकड़कर पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।

पुलिस ने दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां अजय के पैर में उपचार किया गया। चिकित्सकों के अनुसार उसके पैर में काफी सूजन है। फ्रैक्चर या अन्य चोट की स्थिति स्पष्ट करने के लिए एक्स-रे कराने की बात कही गई है।

वहीं, पीड़ित फोटोग्राफर अजय का आरोप है कि मारपीट की घटना के दौरान उसकी जेब में रखे 17 हजार रुपये भी गायब हो गए। परिजनों ने आरोप लगाया कि मारपीट करने वाले युवकों ने ही उसकी जेब से रुपये निकाले हैं। बताया जा रहा है कि मारपीट की पूरी घटना पास की एक दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पीड़ित ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here