हाथरस। कार्तिक मास के पांच दिवसीय शरद सनातनी उत्सव के अंतर्गत धनतेरस, छोटी दिवाली, दीपावली के बाद अब गोवर्धन पूजा और भैया दूज के पर्व को लेकर तैयारियां शुरू हो गई हैं। पंचांग के अनुसार गोवर्धन पूजा 10 नवंबर और भैया दूज का पर्व 11 नवंबर को मनाया जाएगा। दोनों पर्वों पर पूजन-अर्चन और तिलक के लिए शुभ मुहूर्त निर्धारित किए गए हैं।

गोवर्धन पूजा का शुभ मुहूर्त
गोवर्धन पूजा कार्तिक शुक्ल पक्ष प्रतिपदा को मनाई जाती है। प्रतिपदा तिथि 9 नवंबर को दोपहर 12 बजकर 31 मिनट से शुरू होकर 10 नवंबर को दोपहर 2 बजे तक रहेगी। उदया तिथि के अनुसार गोवर्धन पूजा 10 नवंबर को मनाई जाएगी। पूजा का शुभ मुहूर्त सुबह 6 बजकर 40 मिनट से 8 बजकर 50 मिनट तक रहेगा। वहीं, शाम को गौधूलि मुहूर्त 5 बजकर 30 मिनट से 5 बजकर 56 मिनट तक रहेगा।

11 नवंबर को मनाई जाएगी भैया दूज
भाई-बहन के प्रेम और स्नेह का प्रतीक भैया दूज का पर्व 11 नवंबर, बुधवार को मनाया जाएगा। इसे यम द्वितीया भी कहा जाता है। द्वितीया तिथि 10 नवंबर को दोपहर 12 बजे से शुरू होकर 11 नवंबर को दोपहर 3 बजकर 53 मिनट तक रहेगी। उदया तिथि के अनुसार भैया दूज 11 नवंबर को मनाई जाएगी। इस दिन बहनों द्वारा भाइयों के माथे पर तिलक लगाने का शुभ मुहूर्त दोपहर 1 बजकर 10 मिनट से 3 बजकर 20 मिनट तक रहेगा।
यमराज और यमुना से जुड़ी है पौराणिक मान्यता
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार कार्तिक शुक्ल पक्ष की द्वितीया को मृत्यु के देवता यमराज अपनी बहन यमुना के घर पहुंचे थे। यमुना ने भाई का आदर-सत्कार कर तिलक लगाया और भोजन कराया। प्रसन्न होकर यमराज ने बहन को वरदान मांगने को कहा। इस पर यमुना ने वरदान मांगा कि जो भाई इस दिन अपनी बहन के घर जाकर तिलक करवाएगा और भोजन करेगा, उसे अकाल मृत्यु का भय नहीं रहेगा। यमराज ने तथास्तु कहकर वरदान दिया।
यमुना स्नान का भी है विशेष महत्व
धार्मिक मान्यता के अनुसार भैया दूज पर भाई-बहन का एक साथ यमुना नदी में स्नान करना अत्यंत शुभ माना जाता है। मान्यता है कि इससे अकाल मृत्यु का भय दूर होता है और भाई-बहन के रिश्ते में प्रेम एवं स्नेह बना रहता है।










