हाथरस में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत जिला स्पोर्ट्स स्टेडियम में भव्य सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों की 417 बेटियों का विवाह हर्षोल्लास और सौहार्दपूर्ण वातावरण में विधि-विधान एवं मंत्रोच्चारण के साथ संपन्न कराया गया। इनमें 40 मुस्लिम जोड़े भी शामिल रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक सदर अंजुला सिंह माहौर, विधायक सिकंदराराऊ वीरेंद्र सिंह राणा, विधायक सादाबाद प्रदीप कुमार, एमएलसी ऋषिपाल सिंह, जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल और पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान अतिथियों ने नवविवाहित जोड़ों पर पुष्पवर्षा कर उन्हें सुखमय दांपत्य जीवन का आशीर्वाद दिया।

विधायक अंजुला सिंह माहौर ने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। इस योजना से बेटियों के विवाह की चिंता दूर हो रही है और अभिभावकों को कर्ज लेने की जरूरत नहीं पड़ रही है।

जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल ने बताया कि योजना के तहत प्रत्येक जोड़े के विवाह पर एक लाख रुपये की व्यवस्था की गई है। इसमें वधू के बैंक खाते में 64 हजार रुपये की अनुदान राशि, 21 हजार रुपये की उपहार सामग्री तथा 15 हजार रुपये विवाह आयोजन एवं अन्य व्यवस्थाओं पर खर्च किए जाते हैं।

कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने लोगों को बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, बाल विवाह रोकथाम, नशामुक्ति और स्वगणना अभियान के प्रति जागरूक करते हुए शपथ भी दिलाई। जिलाधिकारी ने नागरिकों से 30 नवंबर तक स्वगणना प्रपत्र भरने तथा मतदाता सूची में पात्र लोगों के नाम दर्ज कराने की अपील की।

इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और गणमान्य नागरिकों ने नवदंपतियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।








