हाथरस में छात्र-छात्राओं को संविधान की प्रस्तावना और मौलिक अधिकारों के प्रति जागरूक करने के लिए संविधान संवाद अभियान के तहत विधिक जागरूकता शिविर आयोजित किए गए। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में हाथरस और सादाबाद के विद्यालयों में कार्यक्रम आयोजित कर विद्यार्थियों को संविधान की महत्ता और उनके अधिकारों की जानकारी दी गई।

हाथरस के श्री उमेश चन्द्र आदर्श विद्या निकेतन इंटर कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम में सिविल जज अरिजीत सिंह ने छात्र-छात्राओं को संविधान की प्रस्तावना का पाठ कराया और मौलिक अधिकारों के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि संविधान प्रत्येक नागरिक को अधिकार प्रदान करता है, लेकिन इन अधिकारों का सही उपयोग करना और उनका दुरुपयोग न करना भी हमारी जिम्मेदारी है।

कार्यक्रम में असिस्टेंट लीगल एड डिफेंस काउंसिल विजय सेंगर तथा पराविधिक स्वयंसेवक साहब सिंह और रामकुमार शर्मा ने भी विद्यार्थियों को कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक किया। वहीं, विद्यालय की अध्यापिका प्रीति कश्यप ने कार्यक्रम का संचालन किया। प्रधानाचार्य डॉ. सौरभ जैन ने विद्यार्थियों से संविधान का पालन करने और जिम्मेदार नागरिक बनने की अपील की।

वहीं, सादाबाद इंटर कॉलेज में भी संविधान संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। यहां सिविल जज नेपाल सिंह ने छात्र-छात्राओं को संविधान की प्रस्तावना की शपथ दिलाई और प्रस्तावना में उल्लिखित शब्दों के महत्व के साथ मौलिक अधिकारों की जानकारी दी।

दोनों विद्यालयों में आयोजित कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, शिक्षक और विद्यालय स्टाफ मौजूद रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को संविधान के प्रति जागरूक कर उनके अधिकारों और कर्तव्यों की समझ विकसित करना रहा।








