हाथरस में शिक्षा की गुणवत्ता और विद्यालयों में शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने को लेकर जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल ने अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए हैं। कलेक्ट्रेट सभागार में बेसिक और माध्यमिक शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक के दौरान डीएम ने शिक्षक और छात्र-छात्राओं की नियमित उपस्थिति, शिक्षा के स्तर में सुधार और विभागीय योजनाओं के पारदर्शी क्रियान्वयन पर जोर दिया।

डीएम ने मिड-डे मील की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्कूलों में निर्धारित रोस्टर के अनुसार बच्चों को गुणवत्तापूर्ण, स्वच्छ और पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराया जाए। भोजन की गुणवत्ता की समय-समय पर जांच भी कराई जाए, ताकि बच्चों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ न हो।

वहीं, वित्तीय पारदर्शिता को लेकर भी जिलाधिकारी ने सख्त रुख अपनाया। समग्र शिक्षा अभियान के तहत सामग्री खरीद में शासनादेश और वित्तीय नियमों का पालन करने, पत्रावलियों का व्यवस्थित रखरखाव करने तथा ऑडिट रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। रसोइयों और अन्य कर्मचारियों के मानदेय का भुगतान भी समय से करने को कहा।

इसके अलावा निजी विद्यालयों के निरीक्षण के निर्देश देते हुए डीएम ने कहा कि निर्धारित मानकों का पालन नहीं करने वाले स्कूलों को नोटिस जारी कर नियमानुसार कार्रवाई की जाए। साथ ही विद्यालयों में किंडरगार्डन व्यवस्था को बढ़ावा देने और शिक्षा के लिए बेहतर वातावरण तैयार करने पर जोर दिया।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि शिक्षा की गुणवत्ता, विभागीय कार्यों में पारदर्शिता और शासन की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।










