हाथरस। मंगलवार को सिख धर्म के संस्थापक गुरु नानक देव जी का प्रकाश पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर अलीगढ़ रोड स्थित गुरुद्वारे में मुख्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्य ग्रंथी ज्ञानी हरपाल सिंह ने गुरु नानक देव जी के जीवन और उनकी शिक्षाओं पर प्रकाश डालते हुए संगत से उनके बताए मार्ग पर चलने का संदेश दिया।

इस दौरान गुरुद्वारे में शबद कीर्तन का आयोजन किया गया। प्रकाश पर्व के अवसर पर गुरुद्वारे को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। कार्यक्रम में महिलाओं और बच्चों सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। शबद कीर्तन के बाद अटूट लंगर बरताया गया, जिसमें संगत ने प्रसाद ग्रहण किया। पूरे गुरुद्वारे में उत्सव और भक्ति का माहौल बना रहा।

कार्यक्रम में तजवंत कालरा, सतनाम सिंह, सरदार पन्ना सिंह, सरदार गिरिराज सिंह, सरदार हरबंस सिंह अरोड़ा, सरदार राजेश सिंह, लव ग्रोवर, विजय भाटिया, टीकम सिंह, सरदार शेर सिंह, करतार सिंह, चंबल सिंह, रणजीत सिंह, सरदार कुलजीत सिंह, जितेंद्र लूथरा और कमलजीत सिंह सहित काफी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।










