हाथरस।एडी हेल्थ अलीगढ़ मंडल डॉ. नीरज त्यागी ने सोमवार को नियमित भ्रमण के दौरान बागला संयुक्त जिला चिकित्सालय का औचक निरीक्षण किया।
उन्होंने इमरजेंसी सहित अस्पताल के विभिन्न विभागों, ओपीडी और भर्ती मरीजों के वार्ड का जायजा लेकर स्वास्थ्य सेवाओं और व्यवस्थाओं की स्थिति परखी। निरीक्षण के दौरान सीएमएस डॉ. सूर्य प्रकाश सहित चिकित्सक और अस्पताल का स्टाफ मौजूद रहा।
एडी हेल्थ ने अस्पताल परिसर में साफ-सफाई और अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने भर्ती मरीजों और ओपीडी में आने वाले मरीजों से बातचीत कर अस्पताल में मिल रही स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली। मरीजों से दवाओं, उपचार और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर फीडबैक भी लिया गया।
डॉ. नीरज त्यागी ने बताया कि यह निरीक्षण नियमित प्रक्रिया का हिस्सा है। इसका उद्देश्य सरकारी अस्पतालों में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखना है। उन्होंने बताया कि जिले के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों का भी समय-समय पर निरीक्षण किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप जिले के सभी सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों पर मरीजों को बेहतर, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। इसके लिए लगातार निरीक्षण और व्यवस्थाओं की निगरानी की जा रही है।










