हाथरस। 115वें राजकीय मेला श्री दाऊजी महाराज के अवसर पर श्री ब्राह्मण संघ शिविर में जन सहयोग कल्याण समिति की ओर से भजन संध्या एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य शिविर संयोजक श्री दिलीप उपाध्याय एवं पंडित विश्वनाथ उपाध्याय ने भगवान को फल, पुष्प और माला अर्पित कर किया। इसके बाद भजन-कीर्तन का आयोजन हुआ, जिससे पूरा पंडाल भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि वृंदावन धाम से पधारे पंडित सुनील शास्त्री, ब्राह्मण महासभा हाथरस के अध्यक्ष पंडित योगेंद्र शर्मा, डॉ. यू.एस. गौर, श्री मुकेश दीक्षित एवं श्रीमती बिट्टो दीक्षित का दुपट्टा, माला, पगड़ी एवं प्रतीक चिन्ह भेंट कर भव्य स्वागत किया गया।
जन सहयोग कल्याण समिति के उत्तर प्रदेश अध्यक्ष पंडित अतुल शर्मा एवं उत्तर प्रदेश सचिव पंडित दिवाकर दत्त उपाध्याय ने कार्यक्रम में पहुंचे सभी अतिथियों और गणमान्य लोगों का पटका पहनाकर स्वागत किया।
इस अवसर पर समिति के उत्तर प्रदेश कोषाध्यक्ष श्री देवदत्त सारस्वत ने मानव सेवा का संदेश देते हुए कहा—
“मिटा सके जो दूसरों के, आंखों के सब नीर।
मानव हित में जो जिये, वही सच्चा वीर।।”
कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने जन सहयोग कल्याण समिति के इस प्रयास की सराहना की और भविष्य में भी इसी तरह जनहित एवं सामाजिक कार्य लगातार किए जाने की कामना की।
कार्यक्रम में जन सहयोग कल्याण समिति के पदाधिकारियों सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग मौजूद रहे। भजन संध्या और सम्मान समारोह के दौरान श्रद्धालुओं ने भक्तिमय वातावरण का आनंद लिया।










