हाथरस। मरीजों को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल ने सोमवार सुबह 8:30 बजे बागला संयुक्त जिला चिकित्सालय का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने चिकित्सकों की उपस्थिति, अस्पताल की साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था और मरीजों को मिल रही स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि अस्पताल आने वाले प्रत्येक मरीज को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराना हम सभी की जिम्मेदारी है और इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जिलाधिकारी ने पर्चा काउंटर का निरीक्षण कर प्रतिदिन बनने वाले पर्चों की जानकारी ली। अधिकारियों ने बताया कि प्रतिदिन करीब 11 सौ से 12 सौ पर्चे बनाए जाते हैं। जिलाधिकारी ने मरीजों की सुविधा के लिए घर बैठे ऑनलाइन पर्चा और अपॉइंटमेंट की व्यवस्था प्रभावी रूप से लागू करने के निर्देश दिए।
इसके बाद जिलाधिकारी ने बाल रोग, दंत, हड्डी रोग, जनरल फिजिशियन, आयुष्मान भारत, अल्ट्रासाउंड, डिजिटल एक्स-रे, ईसीजी और सीटी स्कैन सहित विभिन्न विभागों का निरीक्षण किया। उन्होंने अल्ट्रासाउंड की लंबित जांचों को जल्द पूरा कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने ई-सुश्रुत प्रक्रिया को पायलट प्रोजेक्ट के रूप में शुरू करने के निर्देश देते हुए कहा कि इससे मरीजों के पंजीकरण, अपॉइंटमेंट और मेडिकल रिपोर्ट की जानकारी डिजिटल रूप से उपलब्ध हो सकेगी।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मरीजों से सीधे बातचीत कर अस्पताल में मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने पात्र लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड तत्काल बनवाने, अस्पताल परिसर और वॉशरूम में साफ-सफाई की व्यवस्था बेहतर करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि अस्पताल में आने वाले प्रत्येक मरीज को समुचित स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है और इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही क्षम्य नहीं होगी। निरीक्षण के दौरान सीएमओ, सीएमएस पुरुष एवं महिला अस्पताल सहित संबंधित चिकित्सक और अधिकारी मौजूद रहे।










