हाथरस के सिकंदराराऊ क्षेत्र में एटा-अलीगढ़ जीटी रोड पर सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सरदला के पास धान से लदे ट्रैक्टर में पीछे से आ रही स्विफ्ट डिजायर कार घुस गई। हादसे में कार सवार करीब 70 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के मुताबिक, सोमवार 12 अक्टूबर की सुबह करीब पांच बजे एटा की ओर से धान से लदा ट्रैक्टर जा रहा था। इसी दौरान पीछे से आ रही दिल्ली नंबर की स्विफ्ट डिजायर कार ट्रैक्टर में जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार में सवार तीन लोग घायल हो गए।
सूचना मिलते ही थाना सिकंदराराऊ पुलिस और पीआरवी मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायलों को तत्काल सीएचसी सिकंदराराऊ पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने लालाराम को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल कार चालक अविनेन्द्र और आशीष को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल हाथरस की मोर्चरी भिजवा दिया है। वहीं, दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारु कराया गया। फिलहाल पुलिस मामले में आवश्यक कार्रवाई कर रही है।










