सरकारी स्कूलों की बदहाल व्यवस्थाओं को लेकर ADHR संस्था के द्वारा जिलाधिकारी के नाम सौंपा ज्ञापन

0
35

हाथरस। जनपद के सरकारी विद्यालयों में शैक्षिक और बुनियादी व्यवस्थाओं में सुधार की मांग को लेकर एसोसिएशन ऑफ डेमोक्रेटिक ह्यूमन राइट्स (ADHR) ने जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। राष्ट्रीय महासचिव प्रवीन वार्ष्णेय के नेतृत्व में जिलाधिकारी अतुल वत्स की उपस्थिति में ओसी कलेक्ट्रेट उपजिलाधिकारी अर्चना शर्मा को ज्ञापन दिया गया।

ADHR ने मांग की कि जिले के सभी सरकारी विद्यालयों का व्यापक स्थलीय और तकनीकी निरीक्षण कराया जाए तथा विद्यालयवार कमियों को चिन्हित कर उनके समाधान की समयबद्ध कार्ययोजना तैयार की जाए।

संगठन ने विद्यालयों में स्वच्छ पेयजल, अलग और क्रियाशील शौचालय, जर्जर भवनों की मरम्मत, पर्याप्त कक्षाएं, डेस्क-बेंच, बिजली-पंखे, प्रकाश व्यवस्था, खेल मैदान और पर्याप्त खेल सामग्री उपलब्ध कराने की मांग की।

इसके अलावा पर्याप्त शिक्षकों की नियुक्ति, गुणवत्तापूर्ण एवं पौष्टिक मध्यान्ह भोजन, समय से ड्रेस, जूते-मोजे, पुस्तकें, बैग और अन्य शैक्षिक सामग्री उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया। विद्यालय परिसरों में नियमित सफाई, जल निकासी और मच्छर एवं संक्रमण की रोकथाम की व्यवस्था करने की मांग रखी गई।

ADHR ने छात्राओं के लिए स्वच्छता एवं सुरक्षा संबंधी सुविधाओं के साथ दिव्यांग विद्यार्थियों के लिए रैंप और सुगम आवागमन की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की। संगठन ने विद्यालयों में किसी भी बच्चे के साथ जाति, धर्म, लिंग, आर्थिक स्थिति या दिव्यांगता के आधार पर भेदभाव न होने देने की बात भी कही।

राष्ट्रीय महासचिव प्रवीन वार्ष्णेय ने कहा कि गरीबी या सरकारी विद्यालय में पढ़ना किसी बच्चे के लिए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा में बाधा नहीं बनना चाहिए। हर बच्चे को सुरक्षित, सम्मानजनक और समान शैक्षिक वातावरण मिलना जरूरी है।

संगठन ने विद्यालयवार सुविधाओं की सार्वजनिक रिपोर्ट तैयार करने, अधिकारियों द्वारा नियमित निरीक्षण कराने और शिकायतों के समयबद्ध निस्तारण की प्रभावी व्यवस्था बनाने की भी मांग की।
ज्ञापन सौंपने वालों में जिलाध्यक्ष कमलकांत दोवराबाल, राजेश वार्ष्णेय, अनिल अग्रवाल, रवि गुप्ता, उद्धव कृष्ण शर्मा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here