हाथरस पुलिस ने साइबर ठगी के ₹1.41 लाख कराए वापस
हाथरस। थाना चंदपा साइबर क्राइम पुलिस टीम ने साइबर ठगी के मामलों में प्रभावी कार्रवाई करते हुए अगस्त माह में सात शिकायतकर्ताओं के खातों से गलत खातों में ट्रांसफर हुई कुल 1 लाख 41 हजार 928 रुपये की धनराशि वापस करा दी।
जानकारी के मुताबिक, सात लोगों ने थाना चंदपा में शिकायत दर्ज कराई थी कि ऑनलाइन लिंक के माध्यम से उनके बैंक खातों से अलग-अलग रकम दूसरे खातों में चली गई। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने तत्काल राष्ट्रीय साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल यानी NCRP पर शिकायत दर्ज कर कार्रवाई शुरू की।
पुलिस अधीक्षक हाथरस चिरंजीव नाथ सिन्हा के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी सादाबाद के नेतृत्व में थाना चंदपा साइबर क्राइम टीम ने ट्रांजेक्शन की जानकारी जुटाई और लाभार्थी खातों को डेबिट फ्रीज कराकर ठगी की रकम को सुरक्षित कराया।
पुलिस के प्रयास से सभी सात शिकायतकर्ताओं की शत-प्रतिशत धनराशि, कुल 1,41,928 रुपये, उनके बैंक खातों में वापस करा दी गई। रकम वापस मिलने पर शिकायतकर्ताओं ने पुलिस का आभार जताते हुए साइबर क्राइम टीम की सराहना की।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें और अपना बैंक खाता नंबर, पिन, ओटीपी, सीवीवी जैसी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करें। साइबर ठगी होने पर तत्काल 1930 पर कॉल करें या साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं।










