हाथरस जनपद के सासनी क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गांव नगला सिंह में विकास के दावों की पोल खोलती एक गंभीर तस्वीर सामने आई है। यहां पिछले कई सालों से मुख्य सड़क पूरी तरह जर्जर हालत में है और नालियां चोक होने के कारण गंदा पानी सड़क पर बह रहा है। जलभराव और कीचड़ से बदतर हो चुके हालातों से परेशान ग्रामीणों का सब्र आखिरकार जवाब दे गया। सुबह करीब आठ बजे ग्रामीणों ने एकजुट होकर गांव में जोरदार प्रदर्शन किया और प्रशासन से जल्द से जल्द सड़क व जल निकासी की समस्या से निजात दिलाने की मांग की।
गांव की इस नारकीय स्थिति से हर कोई परेशान है। ग्रामीणों का आरोप है कि इस समस्या को लेकर कई बार स्थानीय प्रशासन और अधिकारियों से गुहार लगाई जा चुकी है, लेकिन अब तक सिर्फ आश्वासन के अलावा कुछ नहीं मिला।

गांव निवासी पोप सिंह ने अपना दर्द बयां करते हुए कहा कि पिछले काफी सालों से यह सड़क ऐसे ही बदहाल पड़ी है, जिससे होकर गुजरने में रोजमर्रा की जिंदगी में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। वहीं, श्रीनिवास ने बताया कि इस सड़क और नाली की समस्या के संबंध में हम लोगों ने कई बार अधिकारियों को शिकायतें की हैं, परंतु आज तक समस्या का कोई भी स्थाई समाधान नहीं निकल सका है।

सड़क पर फैली कीचड़ और फिसलन के कारण हादसों का खतरा बना रहता है। पूरन सिंह ने बताया कि सड़क की हालत इतनी खराब है और नाली चोक होने की वजह से हमेशा कीचड़ व फिसलन बनी रहती है, जिससे आए दिन ग्रामीण फिसलकर चोटिल हो जाते हैं। सबसे बुरा हाल स्कूली बच्चों का है, जो इसी गंदे पानी और कीचड़ से होकर गुजरने को मजबूर हैं और कभी-कभार गिरकर चोटिल हो जाते हैं।
नेताओं और जनप्रतिनिधियों की बेरुखी से भी ग्रामीणों में भारी आक्रोश है।

प्रेमपाल ने रोष प्रकट करते हुए कहा कि आज तक इस गांव में कोई भी जनप्रतिनिधि सुध लेने नहीं आया, वे सिर्फ चुनाव के समय वोट मांगने आते हैं और उसके बाद ग्रामीणों की समस्याओं को देखने तक नहीं आते। जगदीश कुमार ने चिंता जताते हुए कहा कि सड़क पर जलभराव और नाली के गंदे पानी के कारण न सिर्फ आवागमन दूभर हो गया है, बल्कि नालियों में जमा पानी की वजह से खतरनाक बीमारियां पनपने का भी लगातार खतरा बना हुआ है।
सुबह के इस विरोध प्रदर्शन में देवकी देवी, ओमवती देवी, रामवती देवी, अमरावती देवी और उषा देवी जैसी महिलाओं ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपनी पीड़ा जाहिर की। इनके साथ ही केपी सिंह, श्री कृष्णा, वीरेंद्र, टीकम सिंह, मोहन सिंह, सोहेल खान, राजेंद्र, पोप सिंह, प्रेमपाल, श्रीनिवास, नत्थू लाल, जगदीश कुमार और श्यामवीर सहित गांव के अन्य तमाम लोग मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही प्रशासन ने सड़क और नालियों को दुरुस्त नहीं कराया तो ग्रामीणों को मजबूरन कड़ा कदम उठाना पड़ेगा।










