हाथरस – मेगा विधिक सहायता शिविर की तैयारियों का अधिकारियों ने लिया जायजा
हाथरस में आगामी 1 नवंबर को श्री दाऊजी महाराज मेला पंडाल स्थित पद्मश्री काका हाथरसी स्मृति मंच पर मेगा विधिक सहायता एवं सेवा शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर की तैयारियों को लेकर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव अनु चौधरी और जिला विकास अधिकारी पी.एन. यादव ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाने, आमजन के आवागमन, बैठने और वाहन पार्किंग की व्यवस्थाओं को देखा। वहीं, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के लिए दाऊजी महाराज चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक कृष्णकांत को आवश्यक निर्देश दिए गए।
इस मेगा शिविर में राजस्व, पुलिस, श्रम, समाज कल्याण, महिला एवं बाल विकास, स्वास्थ्य, शिक्षा, बैंक, बीमा और विद्युत समेत कुल 25 विभागों द्वारा 36 स्टॉल लगाए जाएंगे।
शिविर में लोगों को निःशुल्क विधिक परामर्श, लोक अदालत के माध्यम से मामलों का निस्तारण, मध्यस्थता और सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी के साथ पात्र लाभार्थियों को लाभान्वित किया जाएगा।
दिव्यांगता प्रमाण पत्र, वृद्धावस्था पेंशन, दिव्यांग पेंशन, आयुष्मान भारत योजना, मनरेगा जॉब कार्ड, जन्म-मृत्यु पंजीकरण और आधार कार्ड सहित विभिन्न सुविधाओं के लिए पात्र लोग आवश्यक दस्तावेजों के साथ शिविर में पहुंचकर पंजीकरण करा सकते हैं।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने आमजन से 1 नवंबर को अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर शिविर का लाभ उठाने की अपील की है।










