हाथरस। आगामी त्योहारों के मद्देनजर आबकारी विभाग ने प्रवर्तन अभियान के तहत विभिन्न क्षेत्रों में सघन चेकिंग अभियान चलाया। आबकारी आयुक्त उत्तर प्रदेश के निर्देश और जिलाधिकारी हाथरस के पर्यवेक्षण में क्षेत्रीय आबकारी टीम तथा प्रवर्तन टीम अलीगढ़ प्रभार ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की।
इस दौरान सासनी गेट, तालाब चौराहा, सादाबाद गेट और बस स्टैंड सहित विभिन्न क्षेत्रों के होटल, ढाबों और परचून की दुकानों की जांच की गई। होटल और ढाबा संचालकों को अपने परिसर में मदिरापान न होने देने के सख्त निर्देश दिए गए।
इसके साथ ही आबकारी दुकानों की कैंटीन में साफ-सफाई बनाए रखने और अनावश्यक भीड़ एकत्र न होने देने के निर्देश भी दिए गए। कार्रवाई के दौरान आबकारी निरीक्षक हाथरस सदर, आबकारी निरीक्षक सिकंदराराऊ, आबकारी निरीक्षक प्रवर्तन-3 अलीगढ़ सहित आबकारी विभाग का स्टाफ मौजूद रहा।










