हाथरस के सिकंदराराऊ में सोमवार रात 56वीं निशुल्क श्रवण गंगा यात्रा श्रद्धा और उत्साह के साथ रवाना हुई। कासगंज रोड स्थित फ्लाईओवर अंडरपास से सूर्य प्रताप सिंह उर्फ सूरज भैया ने हरी झंडी दिखाकर करीब 46 बसों को गंगा स्नान के लिए रवाना किया। यात्रा में हजारों श्रद्धालु शामिल हुए।
यात्रा रवाना होने से पहले श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और गंगा मैया का स्मरण कर यात्रा की शुरुआत की। सिकंदराराऊ के साथ हाथरस, जलेसर, टूंडला, एटा और फिरोजाबाद समेत कई क्षेत्रों से श्रद्धालु इस निशुल्क यात्रा में शामिल हुए।
आयोजकों के मुताबिक, पिछले पांच वर्षों से लगातार इस यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। प्रत्येक महीने पूर्णिमा से एक दिन पहले चतुर्दशी के अवसर पर श्रद्धालु गंगा स्नान के लिए रवाना होते हैं। इस पहल के जरिए अब तक लाखों श्रद्धालु गंगा स्नान का लाभ उठा चुके हैं।
यात्रा की खास बात यह है कि इसमें हिंदू और मुस्लिम सहित विभिन्न धर्मों के लोग भी भाग लेते हैं। आयोजन धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक सौहार्द और आपसी भाईचारे का संदेश देता है।
इस दौरान सूरज भैया ने भाजपा पदाधिकारी सूफी जी का पटका पहनाकर, फूलमाला और धार्मिक तस्वीर भेंट कर सम्मान किया। कार्यक्रम में भाजपा महिला मोर्चा की पदाधिकारी कमलेश शर्मा भी मौजूद रहीं। पूजा-अर्चना के बाद बसों को हरी झंडी दिखाकर गंगा स्नान के लिए रवाना किया गया।
56वीं निशुल्क श्रवण गंगा यात्रा में श्रद्धालुओं की बड़ी भागीदारी ने आयोजन को खास बना दिया। आस्था और सेवा की यह पहल क्षेत्र में धार्मिक विश्वास के साथ सामाजिक एकता की मिसाल पेश कर रही है।










