हाथरस में खरीफ फसल की उत्पादकता का आकलन करने के लिए प्रशासन ने क्रॉप कटिंग प्रक्रिया का जायजा लिया। बुधवार, 21 अक्टूबर को जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल ने मुरसान विकासखंड के ग्राम दयालपुर में धान की फसल की क्रॉप कटिंग का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान निर्धारित क्षेत्र में धान की कटाई कराकर उत्पादन का आकलन किया गया।
जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल ग्राम दयालपुर निवासी किसान भगवान सिंह के खेत पर पहुंचे, जहां निर्धारित मानकों के अनुसार धान की फसल की कटाई कराई गई। क्रॉप कटिंग प्रयोग के दौरान निर्धारित क्षेत्र से कुल 14 किलो 780 ग्राम धान की उपज प्राप्त हुई। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को उत्पादन के आंकड़ों के संकलन में पारदर्शिता और शुद्धता बनाए रखने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि क्रॉप कटिंग के माध्यम से फसलों की वास्तविक उत्पादकता का वैज्ञानिक आकलन किया जाता है, जिससे प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना सहित अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र किसानों तक पहुंचाने में मदद मिलती है।
अपर सांख्यिकी अधिकारी ने बताया कि ग्राम दयालपुर में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत सीसीई एग्री एप के माध्यम से क्रॉप कटिंग प्रयोग किया गया। इस दौरान नायब तहसीलदार, राजस्व निरीक्षक, लेखपाल, फसल बीमा जिला समन्वयक सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।










