हाथरस।समाज सेवा के क्षेत्र में सक्रिय निस्वार्थ सेवा संस्थान अब फिरोजाबाद में भी अपने सेवा कार्यों का विस्तार करने जा रहा है। 23 अक्टूबर 2026 को फिरोजाबाद क्लब में संस्थान की नई जिला समिति का गठन किया जाएगा। कार्यक्रम में संस्थान के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुनील अग्रवाल मौजूद रहेंगे। नई समिति के माध्यम से फिरोजाबाद में जरूरतमंदों की सहायता के लिए विभिन्न सेवा गतिविधियां संचालित की जाएंगी।
निस्वार्थ सेवा संस्थान की नई जिला कार्यकारिणी में विनय अग्रवाल को जिलाध्यक्ष, स्वाति अग्रवाल को सचिव और निष्कर्ष गर्ग को जिला प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। संस्थान लंबे समय से हाथरस में रोटी बैंक के माध्यम से जरूरतमंदों तक भोजन पहुंचाने के साथ मूक पशुओं की सेवा, कन्यादान, रक्तदान, अज्ञात शवों के अंतिम संस्कार और डिजिटल शिक्षा एवं सशक्तिकरण जैसे कार्य कर रहा है। अब इन सेवा कार्यों को फिरोजाबाद में भी आगे बढ़ाने की तैयारी है।
संस्थान के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुनील अग्रवाल ने कहा कि समाज सेवा को जन-जन तक पहुंचाना और युवाओं को सकारात्मक सामाजिक कार्यों से जोड़ना संस्थान का उद्देश्य है। वहीं, जिला प्रभारी निष्कर्ष गर्ग ने कहा कि फिरोजाबाद में नई टीम के गठन के बाद स्थानीय जरूरतों के अनुरूप नियमित सेवा कार्यक्रम चलाए जाएंगे। संस्थान को उम्मीद है कि इस पहल से अधिक से अधिक लोग मानवता और सेवा के कार्यों से जुड़ेंगे।










