हाथरस में स्नातक एवं शिक्षक विधान परिषद चुनाव के लिए हाथरस में शुक्रवार को मतदान होगा। इसके लिए गुरुवार सुबह मथुरा रोड स्थित जिला स्पोर्ट्स स्टेडियम से पोलिंग पार्टियों को रवाना किया गया। मतदानकर्मी और अधिकारी स्टेडियम पहुंचे और चुनाव संबंधी सामग्री प्राप्त कर अपने-अपने मतदान केंद्रों के लिए रवाना हुए।
इस दौरान जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल, पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने मतदान प्रक्रिया को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न कराने के लिए जरूरी दिशा-निर्देश दिए। इसके बाद पोलिंग पार्टियों को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच रवाना किया गया।
जिले में शुक्रवार सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक आठ मतदान केंद्रों पर वोटिंग होगी। सभी केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। मतदान प्रक्रिया पर नजर रखने के लिए वेबकास्टिंग और वीडियोग्राफी की व्यवस्था की गई है। साथ ही प्रत्येक मतदान केंद्र पर मेडिकल टीम भी तैनात रहेगी।
चुनाव में वरीयता मतदान प्रणाली का इस्तेमाल किया जाएगा। इसकी प्रक्रिया को देखते हुए मतदान और मतगणना के दौरान निर्धारित नियमों का पालन कराया जाएगा।
जिले में बागला इंटर कॉलेज हाथरस, हाथरस ब्लॉक, सादाबाद ब्लॉक, सहपऊ ब्लॉक, मुरसान ब्लॉक, हसायन ब्लॉक, केएल जैन इंटर कॉलेज सासनी और गौरीशंकर हिंदू इंटर कॉलेज सिकंदराराऊ को मतदान केंद्र बनाया गया है।
प्रशासन ने सभी मतदान केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी करने और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं।










