हाथरस में भारत पेट्रोलियम बॉटलिंग प्लांट पर एनडीआरएफ की मॉक ड्रिल, टैंकर में आग लगने पर बचाव का किया अभ्यास

0
13

 

हाथरस। जनपद के सलेमपुर स्थित भारत पेट्रोलियम बॉटलिंग प्लांट में सोमवार को आठवीं वाहिनी राष्ट्रीय आपदा मोचन बल यानी एनडीआरएफ द्वारा आपदा बचाव प्रशिक्षण और मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। इस दौरान पेट्रोलियम टैंकर में आग लगने की काल्पनिक घटना के जरिए आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने का अभ्यास किया गया।

मॉक ड्रिल में दिखाया गया कि एक वाहन की टक्कर के कारण पेट्रोलियम टैंकर में आग लग जाती है। प्लांट के प्रबंधक, सुरक्षा अधिकारी और कर्मचारियों ने आग पर काबू पाने का प्रयास किया, लेकिन स्थिति नियंत्रित नहीं होने पर जिला प्रशासन को सूचना दी गई।

इसके बाद जिलाधिकारी के निर्देश पर संबंधित विभागों ने समन्वय स्थापित करते हुए अग्निशमन और बचाव कार्य शुरू किए। संयुक्त प्रयासों से आग पर सफलतापूर्वक काबू पाने का अभ्यास किया गया।

यह कार्यक्रम आठवीं वाहिनी एनडीआरएफ, गाजियाबाद के कमांडेंट सुदेश कुमार के मार्गदर्शन और जिला प्रशासन हाथरस के समन्वय से आयोजित हुआ। इसमें एनडीआरएफ की टीम, प्लांट के अधिकारी-कर्मचारी और जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी लेखराज सिंह ने प्रतिभाग किया।

मॉक ड्रिल का मुख्य उद्देश्य औद्योगिक दुर्घटनाओं के दौरान त्वरित कार्रवाई, विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय और प्रभावी बचाव व्यवस्था की तैयारियों को परखना था। साथ ही आपातकालीन स्थिति में सतर्कता, सुरक्षित निकासी और जन-धन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के महत्व पर जोर दिया गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here