हाथरस। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण-2027 को लेकर सोमवार को कलेक्ट्रेट में जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी सत्य प्रकाश पटेल की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों और संबंधित अधिकारियों ने प्रतिभाग किया।
बैठक में जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि भारत निर्वाचन आयोग की निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार पुनरीक्षण का कार्य समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित नहीं रहना चाहिए।
जिलाधिकारी ने 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं, महिला मतदाताओं और मतदाता सूची से छूटे अन्य पात्र नागरिकों के नाम प्राथमिकता के आधार पर जोड़ने के निर्देश दिए। इसके लिए ग्राम पंचायत स्तर पर कर्मचारियों का सहयोग लेने और डिग्री कॉलेजों में विशेष शिविर आयोजित करने को कहा गया। साथ ही अपात्र मतदाताओं के नाम नियमानुसार हटाने और सूची में त्रुटियों को दूर करने के निर्देश भी दिए।
जिलाधिकारी ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपने बूथ लेवल एजेंट यानी बीएलए की अद्यतन सूची जिला निर्वाचन कार्यालय को उपलब्ध कराने तथा पुनरीक्षण अभियान में सक्रिय सहयोग करने की अपील की।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, मतदान केंद्रों का युक्तिकरण एवं पुनर्व्यवस्थापन 2 नवंबर 2026 तक किया जाएगा। एकीकृत प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन 12 नवंबर को होगा, जबकि 12 नवंबर से 11 दिसंबर तक दावे और आपत्तियां दर्ज कराई जा सकेंगी। इनका निस्तारण 28 दिसंबर तक किया जाएगा और अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 4 जनवरी 2027 को होगा।
मतदाता सूची में नया नाम जुड़वाने के लिए फॉर्म-6, नाम हटवाने के लिए फॉर्म-7 और विवरण में संशोधन के लिए फॉर्म-8 के माध्यम से आवेदन किया जा सकेगा। इसके अलावा मतदाता भारत निर्वाचन आयोग के आधिकारिक पोर्टल voters.eci.gov.in पर ऑनलाइन आवेदन भी कर सकते हैं।
बैठक में विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ अपर जिलाधिकारी, संबंधित उप जिलाधिकारी, तहसीलदार, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी एवं अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। जिलाधिकारी ने सभी से आपसी समन्वय के साथ कार्य कर अधिक से अधिक पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में शामिल कराने की अपील की।










