हाथरस – बालश्रम और बाल भिक्षावृत्ति के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई
हाथरस में बालश्रम और बाल भिक्षावृत्ति की रोकथाम के लिए पुलिस ने विशेष अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा के निर्देशन में थाना एएचटी यानी एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट की टीम ने श्रम प्रवर्तन विभाग के साथ मिलकर कार्रवाई की।
अभियान के दौरान थाना कोतवाली नगर क्षेत्र के सासनी गेट चौराहा, कमला बाजार, रामलीला ग्राउंड और मेंडू रोड के आसपास अलग-अलग दुकानों से तीन बच्चों को रेस्क्यू किया गया। इसके बाद तीनों बच्चों को उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। वहीं, बालश्रम से जुड़े मामले में तीन दुकान मालिकों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई की गई।
प्रभारी निरीक्षक रवि भूषण शर्मा के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान के दौरान पुलिस और श्रम विभाग की टीम ने लोगों को बालश्रम और बाल भिक्षावृत्ति से होने वाले नुकसान के प्रति जागरूक किया। साथ ही 1090, 1098, 1076, 112 और 1930 हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी गई।
पुलिस का कहना है कि बच्चों को बालश्रम और भिक्षावृत्ति से बचाने के लिए जागरूकता और कार्रवाई का अभियान जारी रहेगा।










