हाथरस। थाना हाथरस गेट क्षेत्र के गांव रुहेरी में गुरुवार रात खेत की जुताई के दौरान रोटावेटर की चपेट में आने से 45 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई। घटना से गांव में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक की पहचान 45 वर्षीय बृजभूषण पुत्र रनवीर निवासी गांव रुहेरी के रूप में हुई है। वह गांव में मजदूरी करता था। गुरुवार रात वह गांव के ही एक पड़ोसी के ट्रैक्टर पर सवार होकर उसके खेत में जुताई करने गया था। इसी दौरान वह ट्रैक्टर में लगे रोटावेटर की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। देर रात परिजनों को घटना की जानकारी मिली।
सूचना मिलने पर परिजन और पुलिस मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जानकारी जुटाई और आवश्यक पूछताछ की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। युवक की मौत से परिवार में कोहराम मच गया।










