हाथरस के सिकंद्राराऊ क्षेत्र में पोरा पेट्रोल पंप के निकट शुक्रवार 30 अक्टूबर को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। गांव पोरा निवासी 40 वर्षीय भमरपाल पुत्र मोहनलाल अपनी 14 वर्षीय बेटी नीलम को बाइक से दवा दिलाने के लिए सिकंद्राराऊ जा रहे थे।
बताया जा रहा है कि जैसे ही उनकी बाइक पोरा पेट्रोल पंप के निकट पहुंची, तभी सामने से आ रहे मैजिक टेंपो ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में पिता-पुत्री दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों के पैर की हड्डी टूटने की जानकारी सामने आई है।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायलों को प्राथमिक उपचार देते हुए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिकंद्राराऊ पहुंचाया।
जहां चिकित्सकों ने दोनों का परीक्षण करने के बाद गंभीर हालत को देखते हुए बेहतर उपचार के लिए अलीगढ़ हायर सेंटर रेफर कर दिया।
परिजनों के मुताबिक, जिस मैजिक टेंपो से बाइक की टक्कर हुई, उसे पकड़ लिया गया है।










